
Acharya Bhawana Sharma
चेहरे की इन जगहों पर तिल होना धनवान होने की मानी जाती है निशानी

अधिकतर लोगों के चेहरे पर कहीं न कहीं तिल मौजूद होते हैं। ये तिल हमें हमारे जीवन के बारे में काफी कुछ बताते हैं। तिल शुभ भी हो सकते हैं और अशुभ भी। साथ ही इनका आकार भी छोटा या बड़ा हो सकता है। कुछ तिल जन्म से होते हैं तो कुछ समय के साथ उभरते हैं। यहां हम बात करने जा रहे हैं चेहरे पर मौजूद उन तिलों के बारे में जो व्यक्ति के भाग्यशाली और धनवान होने का संकेत माने जाते हैं। सामुद्रिक शास्त्र अनुसार जिन लोगों के चेहरे पर इस तरह के तिल होते हैं उन्हें जीवन में कभी भी आर्थिक तंगी का सामना नहीं करना पड़ता।
यदि किसी व्यक्ति के गाल पर लाल रंग का तिल हो तो वो बेहद भाग्यशाली माना जाता है। ऐसे व्यक्ति को जीवन के हर क्षेत्र में भाग्य का साथ मिलता है और इनका जीवन सुखद रहता है। वहीं जिस व्यक्ति के दायें गाल पर काला तिल मौजूद हो उसे जीवन में खूब धन की प्राप्ति होती है। ऐसे लोगों की आर्थिक स्थिति हमेशा मजबूत रहती है। वहीं जिन लोगों के बाएं गाल पर तिल होता है उन्हें सफलता पाने के लिए काफी संघर्ष करने पड़ते हैं। इन्हें भाग्य का साथ नहीं मिल पाता।
जिन लोगों की नाक पर तिल होता है वो खूब धन कमाते हैं। इन लोगों को अधिकतर विवाह के बाद सफलता मिलती है। महिलाओं की नाक पर तिल होना अत्यंत ही शुभ माना जाता है। जिनके कान पर तिल होता है वो लोग बहुत भाग्यशाली माने जाते हैं। ये तिल लंबी आयु और स्वस्थ जीवन का प्रतीक भी माना जाता है। सामुद्रिक शास्त्र अनुसार दायें कान पर तिल होना ज्यादा शुभ माना जाता है। ऐसे लोगों को कम मेहनत में अच्छे फल की प्राप्ति हो जाती है।
जिनके चेहरे पर भौंह के आसपास तिल मौजूद होता है वो लोग काफी बुद्धिमान होते हैं। ये कोई भी काम बेहद सोच समझकर करते हैं। इनकी सलाह लेना लोग खूब पसंद करते हैं। जिनके माथे पर तिल होता है ऐसे लोग धन तो खूब कमाते हैं लेकिन उसे खर्च भी कर देते हैं। अगर ये पैसों को हिसाब से खर्च करें तो ये एक समय बाद धनवान बन सकते हैं।